शुक्रवार, २७ नोव्हेंबर २०२६
ताज्या बातम्या
वर्धा

वर्धा जिला बैंक के प्रशासक 5 दिसंबर से .....

Admin Desk
27 नवंबर 2026, 03:12 PM
विदर्भ अपडेट
खबर की फ़ोटो
104
लोगों ने यह खबर पढ़ी
2 मिनट में पढ़ें

Wardha वर्धा, 27 नवंबर 2026

वर्धा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है. इसके तहत राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक 5 दिसंबर को सुबह 11.30 बजे वर्धा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक का पदभार संभालेंगे.

वर्धा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने सीएम देवेंद्र फडणवीस से महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त करने की मांग की थी. इस संबंध में उन्होंने 21 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री को निवेदन सौंपकर बैंक की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया था. 21 अक्टूबर 1912 को स्थापित इस बैंक का 114 वर्षों का इतिहास है. हालांकि, वर्ष 2002 से बैंक आर्थिक संकट में घिर गई थी. वर्ष 2014 में बैंक पर प्रशासक नियुक्त किया था. बैंक की स्थिति सुधारने के लिए शासन स्तर पर विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं.

पालकमंत्री डॉ. भोयर ने नागपुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की तर्ज पर वर्धा जिला बैंक पर भी महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक का प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा था. नागपुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक पर मार्च 2025 में महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक के प्राधिकृत अधिकारी की नियुक्ति की गई थी. मुख्यमंत्री ने इस मांग पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए सहकार विभाग के प्रधान सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे.इसके बाद सहकार, पणन एवं वस्त्रोद्योग विभाग ने शासनादेश जारी कर वर्धा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक पर महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया.

राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक दिलीप दिघे ने 21 नवंबर को वर्धा जिला बैंक के प्राधिकृत अधिकारी तथा जिला उपनिबंधक गौतम वालदे को पत्र भेजकर 5 दिसंबर को पदभार ग्रहण किए जाने की जानकारी दी है.

इस अवसर पर पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर, सांसद अमर काले, विधायक समीर कुणावार, सुमित वानखेड़े, अरुण लखाणी, सुधाकर आडबैले, अभिजीत वंजारी तथा जिलाधिकारी वानमंथी सी. सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित रहेंगे.

जिला उपनिबंधक गौतम वालदे ने कहा कि यह महत्वपूर्ण कदम है. महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक के अधिकारी प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे. इससे जिला बैंक को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने में बड़ी मदद मिलेगी.