कुंभार समाज ने कहा राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेंगे
* पुणे में राज्यस्तरीय बैठक
* सकल कुम्भार समाज विकास परिषद हुई
Pune पुणे, 16 नवंबर 2026
माटीकला बोर्ड का गठन, विमुक्त जाति एवं घुमंतू जनजातियों के आरक्षण और संत गोरोबा काका की जन्मभूमि व समाधि स्थल के विकास की मांग को लेकर सकल कुंभार समाज विकास परिषद राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगी. महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों और 372 तहसीलों में संगठन का विस्तार कर जनजागृति अभियान चलाया जाएगा. यह घोषणा सकल कुंभार समाज विकास परिषद के प्रदेशाध्यक्ष संजय गाते ने आलेफाटा में आयोजित राज्यस्तरीय बैठक में की.
पुणे में होटल ज्ञानेश्वरी में हुई बैठक में राजस्व विभाग के वर्ष 2025 के परिपत्र की जटिल शर्तों और त्रुटियों को दूर कर हाल ही में जारी शासन निर्णय का स्वागत किया गया. गाते ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का आभार मानते हुए जिलाध्यक्षों से शासन निर्णय का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया. प्रदेश अध्यक्ष गाते ने नौ सदस्यीय सरकारी निगरानी समिति के लिए अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं के नाम केंद्रीय समिति को भेजने के निर्देश भी दिए.
गाते ने कहा कि वर्ष 2018 में श्री संत शिरोमणि गोरोबा काका माटीकला बोर्ड और इसके लिए 50 लाख रुपए के निधि की घोषणा हुई थी, लेकिन अब तक अमल नहीं हुआ. इसी तरह वर्ष 2019 में तत्कालीन राज्यपाल विद्यासागर राव ने विधानसभा के अभिभाषण में मुद्दा क्रमांक 50 के तहत कुंभार समाज की आरक्षण संबंधी मांग पर उचित समय में कार्रवाई का आश्वासन दिया था.
इस पर भी अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए. परिषद ने धाराशिव जिले के तेर स्थित संत गोरोबा काका की जन्मभूमि और समाधि स्थल का तीर्थक्षेत्र योजना के तहत विकास कराने की मांग भी उठाई.प्रदेश महासचिव सुभाष तेटवार ने संगठन को जिला से गांव स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने कार्यकारिणी में शिक्षित युवाओं, अनुभवी व्यक्तियों, कानून के जानकारों और महिलाओं को शामिल करने तथा नियमित सामाजिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक गतिविधियां चलाने का सुझाव दिया.
प्रदेश उपाध्यक्ष चंदनलाल प्रजापति ने कहा कि माटीकला बोर्ड से समाज के पारंपरिक व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलेगा और विकास के नए अवसर खुलेंगे. वहीं, कोर कमेटी अध्यक्ष एड. संजय रुईकर ने कहा कि मिट्टी, पानी, ईंधन और रोजगार की तलाश में भटकने के कारण कुंभार समाज के पूर्वजों के मूल गांव और वर्तमान निवास अलग-अलग हैं. इसके प्रमाण सरकारी गजट में उपलब्ध हैं. उन्होंने आरक्षण की मांग को प्रभावी बनाने के लिए अध्ययन समिति गठित करने की आवश्यकता जताई.
प्रदेश उपाध्यक्ष कल्याण कुंभार ने शिक्षा को बढ़ावा देकर समाज से अधिक आईएएस अधिकारी तैयार करने का आह्वान किया.बैठक में विमुक्त जाति एवं घुमंतू जनजाति अध्ययन कोर कमेटी के सदस्यों के रूप में सुरेश पाठक, डॉ. नागोराव कुंभार, डॉ. श्रीराम कोल्हे, शरद वाडेकर, प्रा. विजय कैथे, उमाजी सूर्यवंशी, नंदकुमार कुंभार, रसिका खेडेकर, महेश सायकर और राजीव खरे के नाम घोषित किए गए.इसके अलावा राजेंद्र अंबेरे को ईंट व्यवसाय आघाड़ी का महासचिव, राजेश प्रजापति को प्रदेशाध्यक्ष, डॉ. संजय कुंभार को प्रदेश सचिव तथा चंद्रकांत कुंभार, भानुदास गोऱ्हेकर, वैशाली विरारकर, राजेंद्र जाधव, रामचंद्र मेहरे, दिलीप आपतूरकर, रमेश कुंभार, एड. वैजनाथ कुंभार और राजकुमार राजारूपे को विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए.बैठक का शुभारंभ संत गोरोबा काका की प्रतिमा के पूजन और सामूहिक आरती से हुआ. स्वागताध्यक्ष एवं पुणे जिलाध्यक्ष राजेंद्र जाधव, महासचिव रमेश बुरबांदे, संगठक ओमप्रकाश पांडे, महिला सदस्य चंद्रकलाताई चिकाणे सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और तहसील प्रतिनिधि उपस्थित थे. संचालन उत्तमराव मांजरमकर ने किया और आभार राजेंद्र जाधव ने माना. पसायदान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.