नागभीड में धान की बोरियां जली, साढ़े 3 करोड़ का नुकसान
Nagpur नागपुर, 24 नवंबर 2026
चंद्रपुर जिले के नागभीड़ कृषि उपज मंडी समिति परिसर में रात के समय लगी भीषण आग में 6,280 बोरी धान जलकर राख हो गया. इस घटना में गोदाम और बारदानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
कुल नुकसान 3 से 3.5 करोड़ रुपये तक होने का प्राथमिक अनुमान है.सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मंडी परिसर में हड़कंप मच गया. सूचना पर मंडी समिति के सभापति गणेश तर्वेकर सहित अन्य पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
आग की गंभीरता को देखते हुए नागभीड़, सिंदेवाही और ब्रह्मपुरी से दमकल वाहन बुलाए गए. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. जानकारी के अनुसार, आग में जला धान करीब 5,340 क्विंटल था, जिसका अनुमानित मूल्य 1 करोड़ 86 लाख रुपये है. इसके अलावा 216 गठ्ठों में रखा करीब 1 लाख 7 हजार जूट बारदाना और गोदाम भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए.
हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन पंचनामे के बाद ही स्पष्ट होगा. आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटना ने कृषि उपज मंडी में किसानों के माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है. नुकसान का विस्तृत आकलन पंचनामे के बाद सामने आएगा.