मंगळवार, २४ नोव्हेंबर २०२६
ताज्या बातम्या
वर्धा

बिना खोपड़ी खोले ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी,

Admin Desk
24 नवंबर 2026, 12:47 PM
विदर्भ अपडेट
खबर की फ़ोटो
112
लोगों ने यह खबर पढ़ी
3 मिनट में पढ़ें

* आंखों की नसों और ब्रेनस्टेम पर पड़ रहे दबाव को किया कम

* बच्चा सुरक्षित , ब्रेन ट्यूमर की नाक के रास्ते सफल सर्जरी

Wardha वर्धा, 24 नवंबर 2026

वर्धा स्थित अदाणी इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन एंड रिसर्च के अंतर्गत आने वाले सावंगी (मेघे) स्थित आचार्य विनोबा भावे ग्रामीण अस्पताल (एवीबीआरएच) के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डॉक्टरों की टीम ने 13 वर्षीय बच्चे के मस्तिष्क में दोबारा विकसित हुए बड़े और जटिल पिट्यूटरी ट्यूमर को नाक के रास्ते एंडोस्कोपिक तकनीक से सफलतापूर्वक निकाल दिया।

इस सर्जरी की खास बात यह रही कि बच्चे की खोपड़ी दोबारा खोलने की जरूरत नहीं पड़ी और बिना किसी बाहरी घाव या टांके के ऑपरेशन पूरा किया गया। ईएनटी, हेड एंड नेक एवं स्कल बेस सर्जन डॉ. चंद्रवीर सिंह, न्यूरोसर्जन डॉ. संदीप इरतवार और ईएनटी विभाग प्रमुख डॉ. श्रद्धा जैन की टीम ने संयुक्त रूप से यह जटिल सर्जरी की। बच्चे को पिट्यूटरी ग्रंथि में प्रोलैक्टिनोमा नामक हार्मोन स्रावित करने वाले बड़े ट्यूमर की समस्या थी।

अगस्त 2023 में भी उसकी ओपन ब्रेन सर्जरी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद ट्यूमर दोबारा बढ़ गया। इसके अलावा, मस्तिष्क में जमा पानी की निकासी के लिए अगस्त 2026 में उसके शरीर में वीपी शंट भी लगाया गया था। पिछले तीन वर्षों से बच्चे को लगातार सिरदर्द और धीरे-धीरे आंखों की रोशनी कम होने की परेशानी हो रही थी।

जांच में पता चला कि ट्यूमर मस्तिष्क के निचले हिस्से तक फैल गया था और ऑप्टिक कियाज्म, तीसरे वेंट्रिकल, मिडब्रेन तथा पॉन्स जैसे संवेदनशील हिस्सों पर दबाव डाल रहा था। बच्चे की कम उम्र और पहले हो चुकी ओपन ब्रेन सर्जरी को देखते हुए दोबारा खोपड़ी खोलकर ऑपरेशन करना जोखिम भरा था। ऐसे में डॉक्टरों ने 'एंडोस्कोपिक एंडोनासल ट्रांसस्फेनॉइडल' तकनीक के माध्यम से नाक के प्राकृतिक रास्ते से मस्तिष्क तक पहुंचकर ट्यूमर निकालने का निर्णय लिया।

इस प्रक्रिया के दौरान डॉक्टरों ने मस्तिष्क की प्रमुख रक्त वाहिकाओं, ब्रेनस्टेम और आंखों की नसों को सुरक्षित रखते हुए ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाला और उन पर पड़ रहे दबाव को कम किया। सर्जरी के बाद बच्चे की स्थिति स्थिर है और उसकी आंखों की रोशनी में भी सुधार के सकारात्मक संकेत मिले हैं। आगे भी नेत्र रोग और न्यूरोलॉजी विशेषज्ञों की निगरानी में उसका उपचार जारी रहेगा।

डॉक्टरों के अनुसार, पिट्यूटरी प्रोलैक्टिनोमा का उपचार सामान्यतः शुरुआत में दवाओं से किया जाता है, लेकिन दवाओं का असर नहीं होने या आंखों की रोशनी और मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्सों पर दबाव बढ़ने की स्थिति में सर्जरी आवश्यक हो सकती है।

डॉ. चंद्रवीर सिंह, डॉ. संदीप इरतवार और डॉ. श्रद्धा जैन ने माता-पिता से अपील की है कि वे बच्चों में लगातार सिरदर्द, आंखों की रोशनी कम होने या देखने की क्षमता प्रभावित होने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण गंभीर बीमारी के संकेत हो सकते हैं। समय पर जांच और उचित चिकित्सा सुविधा में उपचार मिलने से आंखों की रोशनी को स्थायी नुकसान और अन्य गंभीर जटिलताओं से बचाया जा सकता है।