चंद्रपुर में 26 लाख की चोरी, आरोपी नागपुर से गिरफ्तार
Nagpur नागपुर, 13 नवंबर 2026
बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुराने वाले नागपुर के दो आरोपियों को वरोरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों से 30 लाख 35 हजार 198 रुपये का माल बरामद किया गया. पैरों के निशान, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने इस वारदात का पर्दाफाश किया.
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता समीना अली असगर बोहरा (निवासी हनुमान व्यायामशाला के पास, वरोरा) 1 नवंबर को परिवार के साथ विवाह समारोह में शामिल होने मुंबई गई थीं. 5 नवंबर को तड़के करीब 3.30 बजे लौटने पर उन्हें मकान का मुख्य दरवाजा टूटा मिला. बेडरूम की लोहे की अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था. उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित करीब 26 लाख 90 हजार रुपये का माल चोरी हुआ था.
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1084/2026 के तहत मामला दर्ज किया. पैरों के निशान से मिला सुराग**मकान पांच दिन बंद रहने से चोरी का सटीक समय तय करना चुनौती था. जांच दल को मकान के लोहे के गेट पर जूतों के निशान मिले. उन पर धूल कम होने से पुलिस ने वारदात 5 नवंबर की रात होने का अनुमान लगाया. इसके बाद परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर मध्यरात्रि में एक संदिग्ध कार दिखाई दी. तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई.
पुलिस ने 10 नवंबर को सत्येंद्र उर्फ राहुल राजबहादुर गुप्ता (41), निवासी यशोधरानगर और प्रेम शालीकराम खत्री (35), निवासी नौखंड्या नगर, नागपुर को गिरफ्तार किया. 30.35 लाख का माल जब्त आरोपियों से 210.65 ग्राम सोने के आभूषण (29.70 लाख रुपये), 54.38 ग्राम चांदी के सिक्के व डिब्बी (19,033 रुपये), 25 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए. पुलिस ने पैरों के निशानों का जूतों से मिलान किया. साथ ही सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दी टी-शर्ट भी जब्त की.कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे और उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में वरोरा थाने के प्रभारी ओमप्रकाश सोनटक्के तथा सहायक पुलिस निरीक्षक दहीफळे के नेतृत्व में की गई.