वर्धा में स्वास्थ्य मंत्री आबिटकर बोले ‘सरकारी अस्पताल की गुणवत्ता...’
Wardha वर्धा, 19 नवंबर 2026
मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले तो वे निजी अस्पतालों के बजाय सरकारी अस्पतालों में इलाज कराना पसंद करेंगे. इसलिए चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को समर्पित भाव से काम कर अस्पतालों की विश्वसनीयता बढ़ानी चाहिए. साथ ही उपलब्ध सेवाओं को सक्षम बनाकर उनका विस्तार करना चाहिए, यह निर्देश स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने दिए.
स्वास्थ्य संवाद यात्रा के दौरान मंत्री आबिटकर ने सेलू ग्रामीण अस्पताल और हिंगणी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान जिलाधिकारी वान्मथी सी., मुख्य कार्यकारी अधिकारी पराग सोमण, स्वास्थ्य संचालक डॉ. विजय कंदेवाड, उपसंचालक डॉ. शशिकांत शंभरकर, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. राजसिंह पवार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. स्वप्निल बेले और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पल्लवी खेडीकर उपस्थित थीं.
सेलू ग्रामीण अस्पताल में मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की. उन्होंने भर्ती एवं बाह्य रोगियों की संख्या, प्रसूति और अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने वाले मरीजों की जानकारी ली. साथ ही भर्ती मरीजों से संवाद कर उपचार की गुणवत्ता और सुविधाओं के बारे में पूछा. उन्होंने ग्रामीण मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और महिलाओं की प्रसूति स्थानीय अस्पतालों में ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
महात्मा फुले जन आरोग्य योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अस्पताल में शस्त्रक्रियाओं की संख्या बढ़ाने तथा इसके माध्यम से मिलने वाली निधि का उपयोग सुविधाओं के विस्तार के लिए करने को कहा.इस अवसर पर ग्रामीणों ने सेलू में 100 बिस्तरों वाला अस्पताल शुरू करने की मांग रखी. वहीं, आरबीएसके कार्यक्रम के तहत शस्त्रक्रिया करा चुके बच्चों और उनके अभिभावकों से भी मंत्री ने बातचीत की.
हिंगणी केंद्र की सुविधाओं पर जताया संतोष**हिंगणी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुसज्जित इमारत, स्वच्छ परिसर और आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का निरीक्षण कर मंत्री ने संतोष व्यक्त किया. उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए.