वर्धा

रेलवे कर्मचारी ने लाैटाया यात्री का पर्स, किया गया सम्मान

Admin Desk
09 नवंबर 2026, 06:48 PM
विदर्भ अपडेट
खबर की फ़ोटो
110
लोगों ने यह खबर पढ़ी
2 मिनट में पढ़ें

Nagpur नागपुर,9 नवंबर 2026

मध्य रेल के नागपुर मंडल ने श्री सुनील कुमार शर्मा की ईमानदारी, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें ‘मैन ऑफ द डे’ के रूप में सम्मानित किया है. उन्होंने तत्परता दिखाते हुए एक महिला यात्री का खोया हुआ पर्स बरामद कर उसे सुरक्षित वापस दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

8 नवंबर 2026 को इटारसी से नागपुर की ओर जा रही ट्रेन क्रमांक 12626 में ड्यूटी के दौरान श्री शर्मा को रेलमदद के माध्यम से एक महिला यात्री की शिकायत मिली. महिला भोपाल स्टेशन पर उतरने से पहले कोच बी-4 की बर्थ क्रमांक 37 पर अपना काले रंग का पर्स भूल गई थीं.

शिकायत मिलते ही श्री शर्मा ने संबंधित कोच में पहुंचकर तलाश शुरू की. एक सहयात्री की मदद से उन्होंने पर्स बरामद कर लिया. इसके बाद तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), नागपुर को सूचित किया और पर्स में रखी वस्तुओं के सत्यापन के लिए महिला यात्री से संपर्क किया.

ट्रेन के नागपुर पहुंचने पर श्री पी.के. बारिक, सीओआर तथा श्री सुनील कुमार शर्मा की उपस्थिति में पर्स खोलकर उसमें रखी वस्तुओं की सूची तैयार की गई. पर्स में एक ब्रांडेड मोबाइल फोन, पैन कार्ड, नकद राशि और सौंदर्य प्रसाधन की वस्तुएं थीं. इसके बाद पर्स को आवश्यक कार्रवाई के लिए आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया और महिला यात्री को सामान बरामद होने की सूचना दी गई.

श्री शर्मा का यह कार्य ईमानदारी, जिम्मेदारी और यात्री सेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है. उनके सराहनीय योगदान को देखते हुए नागपुर मंडल ने उन्हें ‘मैन ऑफ द डे’ के रूप में सम्मानित किया.