वर्धा का बढ़ा गौरव: यशवंत महाविद्यालय को …

wardha वर्धा, 4 अगस्त 2026
राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2025 में विश्वविद्यालय गीत के सामूहिक गायन के माध्यम से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया गया था। इस ऐतिहासिक अभियान में विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के महाविद्यालयों ने सहभागिता की थी। वर्धा जिले से सर्वाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय यशवंत महाविद्यालय को विश्वविद्यालय की ओर से प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।

4 अगस्त को राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के 103वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुनानक भवन, विश्वविद्यालय परिसर, नागपुर में आयोजित समारोह में महाराष्ट्र पशु एवं मत्स्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नितीन पाटील के हाथों यशवंत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश ठाकरे, संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. अरुणा हरले, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. रवींद्र बेले, भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. बुद्धघोष लोहकरे, मराठी विभाग के प्रो. डॉ. प्रमोद नारायणे, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. राहुल भालेकर, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. संदीप रायबोले, डॉ. प्रफुल्ल काले तथा डॉ. अर्चना दुपारे ने 15 हजार रुपये की नकद राशि, स्मृतिचिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र के रूप में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।

समारोह की अध्यक्षता कुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर ने की। इस अवसर पर विधायक आशीष देशमुख, विश्वविद्यालय की सलाहकार समिति के अध्यक्ष रौलिंगसिंह खुराना, प्र-कुलपति डॉ. अखिलेश पेशवे, कुलसचिव डॉ. विजय खंडाल, विश्वविद्यालय की प्रबंधन परिषद के सदस्य तथा विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय ने 11 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके प्रसिद्ध विश्वविद्यालय गीत “या भारतात बंधुभाव नित्य वसू दे” के सामूहिक गायन के माध्यम से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड सहित कुल चार विश्व रिकॉर्ड स्थापित किए थे। इस अभियान में 52 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 15 हजार से अधिक प्रतिभागी कार्यक्रम स्थल पर प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित थे, जबकि 15 हजार से अधिक विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े थे। इस सामूहिक गायन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के अलावा एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक ऑफ इंडिया में भी स्थान प्राप्त हुआ। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम नागपुर स्थित जमनालाल बजाज प्रशासनिक भवन के समीप मैदान में आयोजित किया गया था।

इस विश्व रिकॉर्ड की स्थापना में यशवंत महाविद्यालय का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। वर्धा जिले के सभी महाविद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ सहभागिता दर्ज कराने के लिए राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय ने यशवंत महाविद्यालय को प्रथम पुरस्कार देने की घोषणा की थी। इस उपलब्धि में यशवंत ग्रामीण शिक्षण संस्था के पूर्व अध्यक्ष प्रो. सुरेशभाऊ देशमुख तथा वर्तमान अध्यक्ष समीरभाऊ देशमुख के मार्गदर्शन के साथ संस्था के सभी संचालक मंडल का सहयोग उल्लेखनीय रहा।

इस विश्व रिकॉर्ड अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी करने तथा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर यशवंत महाविद्यालय के संगीत विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना विभाग, शारीरिक शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), सभी विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों का सर्वत्र अभिनंदन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!