234 यूनिट पर 24,550 रुपये का बिल भेज दिया

वर्धा, 3 अगस्त 2026
महावितरण की कथित लापरवाही का खामियाजा एक बार फिर एक आम बिजली उपभोक्ता को भुगतना पड़ा है। कारंजा घाडगे निवासी हिम्मतसिंह भोजासिंह टाक को जुलाई 2026 के बिजली बिल में मात्र 234 यूनिट की खपत पर 24 हजार 550 रुपये का बिल भेजा गया है। महावितरण के इस कथित मनमाने रवैये से उपभोक्ताओं में नाराजगी व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित उपभोक्ता का ग्राहक क्रमांक 402461046844 है। यह 0.35 किलोवाट स्वीकृत भार वाला सामान्य घरेलू बिजली कनेक्शन है। जुलाई माह के बिल में वर्तमान रीडिंग 1592 तथा पिछली रीडिंग 1358 दर्ज की गई है। इसके अनुसार पूरे महीने में उपभोक्ता ने केवल 234 यूनिट बिजली की खपत की है।

सामान्य घरेलू दरों के अनुसार 234 यूनिट की खपत पर लगभग 1,500 से 2,500 रुपये तक का बिल आना चाहिए था। लेकिन महावितरण ने उपभोक्ता को 24,550 रुपये तथा नियत तिथि के बाद 24,580 रुपये का बिल जारी कर दिया, जिससे उपभोक्ता हैरान रह गया।

प्राथमिक तौर पर यह मामला कंप्यूटर की तकनीकी त्रुटि या कर्मचारियों की लापरवाही का प्रतीत हो रहा है। ऐसे गलत बिलों के कारण आम नागरिकों को महावितरण कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं और उन्हें आर्थिक तथा मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय बिजली उपभोक्ताओं ने मांग की है कि संबंधित उपभोक्ता का गलत बिल तत्काल संशोधित कर सही बिल जारी किया जाए तथा इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!