wardha वर्धा, 27 जुलाई 2026
स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) वर्धा ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान 24 पेटी देशी शराब और एक चारपहिया वाहन सहित ₹10 लाख 80 हजार का माल जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस से बचने के लिए अब लाखों की कार में शराब की तस्करी की जा रही है ।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को स्थानीय अपराध शाखा की टीम पुलगांव डिवीजन क्षेत्र में अवैध कारोबार के खिलाफ गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वायगांव (निपाणी) निवासी रामेश्वर कारमोरे और चेतन महाकालकर सफेद रंग की मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार से रामकृष्ण विष्णूजी डुबडुबे, निवासी गोडेगांव (तहसील हिंगणघाट) के लिए देशी और विदेशी शराब की खेप लेकर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस की भनक लगते ही रामेश्वर कारमोरे और चेतन महाकालकर मौके से फरार हो गए, जबकि रामकृष्ण डुबडुबे मौके पर ही पुलिस के हाथ लग गया।
वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की और पिछली सीट से गोवा नंबर-1′ ब्रांड की देशी शराब की 24 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार (क्रमांक MH-32-AX-7039) सहित कुल ₹10.80 लाख का माल पंचनामा बनाकर जब्त कर लिया।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ आल्लीपुर पुलिस थाने में महाराष्ट्र आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में शेखर डोंगरे, मनोज धात्रक, महादेव सानप, विकास मुंडे, विनोद कापसे, सुगम चौधरी, शुभम राऊत और हर्षल सोनटक्के सहित एलसीबी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
