Nagpur नागपुर, 27 जुलाई 2026
ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ नागपुर ने ₹25,520 मूल्य की अवैध शराब जब्त की है. मध्य रेलवे के नागपुर मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन सतर्क के अंतर्गत 25 जुलाई 2026 को विशेष अभियान चलाकर ₹25,520 मूल्य की अवैध शराब जब्त की है।
यह कार्रवाई नागपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ डॉग स्क्वॉड एवं अपराध सूचना शाखा (Crime Intelligence Branch) की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अभियान में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) जगदीश सोनी, सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पंकज शर्मा, प्रधान आरक्षक नीरज, आरक्षक विपिन सतपुते एवं जसवीर सिंह तथा प्रशिक्षित श्वान ‘प्रिंस’ शामिल थे।
टीम ने ट्रेन संख्या 20494 चंडीगढ़–मदुरै एक्सप्रेस में सघन जांच अभियान चलाया।जांच के दौरान सामान्य श्रेणी के एक कोच में सीट संख्या 40/50 के नीचे रखे एक सफेद प्लास्टिक के बोरे पर श्वान प्रिंस ने संदिग्ध संकेत दिया। पूछताछ करने पर किसी भी यात्री ने उक्त बोरे पर अपना स्वामित्व नहीं जताया। इसके बाद संदिग्ध बोरे को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट, नागपुर लाकर विस्तृत जांच की गई।
आरपीएफ अधिकारियों की उपस्थिति में बोरा खोलने पर उसमें ओल्ड मॉन्क ब्रांड की 29 शराब की बोतलें, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹25,520 थी, बरामद हुईं। जब्त शराब को आगे की विधिक कार्रवाई हेतु आबकारी विभाग, नागपुर को सुपुर्द कर दिया गया।इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की आगे की जांच आबकारी विभाग द्वारा की जा रही है।
यह सफल कार्रवाई ऑपरेशन सतर्क के अंतर्गत आरपीएफ नागपुर की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई तथा रेलवे के माध्यम से अवैध वस्तुओं के परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही यह अभियान रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में आरपीएफ के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।
