हिंगणघाट के सेंधमार ने बुलाए थे नागपुर से साथी ?

wardha वर्धा, 24 जुलाई 2026
सेलू शहर में हुई चर्चित घरफोड़ चोरी के मामले का स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 71 हजार 600 रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

पुलिस के अनुसार, जयसवाल लेआउट, सेलू निवासी राहुल गजानन फटिंग 16 जुलाई 2026 को परिवार सहित बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी समेत करीब 2.26 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में सेलू पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान स्थानीय अपराध शाखा ने तकनीकी विश्लेषण, गोपनीय सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद जाकीर मोहम्मद शाहिद अंसारी (25, नागपुर), सोनू उर्फ मोहम्मद शाहिद मोहम्मद रशीद (23, नागपुर) तथा फैजान यूनुस खान (हिंगणघाट) शामिल हैं। वहीं शेख आफताब शेख अब्दुल्ला उर्फ गोलू फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम जुटी हुई है।

पुलिस ने आरोपियों से सोने-चांदी के जेवर, नकदी, चोरी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी रिट्ज कार (MH-01-AL-7330) तथा अन्य सामान सहित कुल ₹5.71 लाख का माल जब्त किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक आशीषसिंह ठाकुर, विजयसिंह गोमल्लाडु, योगेश कुमार लाडे सहित एलसीबी की टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आशंका है कि हिंगणघाट के कुख्यात सेंधमार ने नागपुर से आरोपियों को बुलाया होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!