Nagpur नागपुर, 18 जून 2026
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), नागपुर ने रेलवे नेटवर्क के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए नागपुर रेलवे स्टेशन पर एक युवक को संदिग्ध मादक पदार्थ के साथ पकड़ा है।
अपराध खुफिया शाखा, आरपीएफ नागपुर की टीम प्लेटफॉर्म संख्या 8 के अजनी छोर स्थित फुट ओवर ब्रिज पर नियमित अपराध रोकथाम एवं निगरानी ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में सी-ग्रीन रंग का ट्रॉली बैग लेकर घूमता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ करने पर वह बैग के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका, जिससे संदेह उत्पन्न हुआ।
जांच के दौरान बैग में खाकी टेप से लिपटे छह पैकेट पाए गए। सूचना मिलने पर आरपीएफ का नार्कोटिक्स डिटेक्शन डॉग “प्रिंस” मौके पर पहुंचा, जिसने बैग में मादक पदार्थ होने का सकारात्मक संकेत दिया।
इसके पश्चात निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वतंत्र पंचों एवं रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में बैग की विस्तृत तलाशी ली गई। युवक की पहचान दीपक (19 वर्ष), निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। उसके पास उपलब्ध यात्रा टिकट के अनुसार वह खड़ियार रोड से सूरत की यात्रा कर रहा था।
तलाशी के दौरान बरामद छह पैकेटों में संदिग्ध मादक पदार्थ पाया गया, जिससे तीव्र गंध आ रही थी। सभी पैकेटों का कुल वजन लगभग 12.35 किलोग्राम पाया गया। बरामद पदार्थ का अनुमानित मूल्य लगभग ₹2.47 लाख आंका गया।
समस्त बरामद सामग्री को विधिवत सीलबंद कर जब्त किया गया तथा पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई। इसके उपरांत आरोपी एवं जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी नागपुर को सौंप दिया गया। जीआरपी नागपुर द्वारा एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
