wardh वर्धा, 21 जून 2026
अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष (एएचटीयू) वर्धा ने सावंगी (मेघे) क्षेत्र में देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फ्लैट पर छापा मारकर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि इस पूरे रैकेट की कथित संचालिका महिला फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस को 20 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि सावंगी (मेघे) निवासी मुस्कान उर्फ शबनम आर्थिक लाभ के लिए महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों की युवतियों को पैसों का लालच देकर देह व्यापार में धकेल रही है। वह ग्राहकों से संपर्क कर युवतियों को सावंगी (मेघे) स्थित कृष्णाई कोर्ट बिल्डिंग के फ्लैट में बुलाकर उनसे देह व्यापार करवाती है।
सूचना मिलते ही स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल को दी। उनके निर्देश पर पूरी गोपनीयता के साथ एक नकली ग्राहक (पंटर) तैयार कर जाल बिछाया गया।
पंटर से मिले संकेत के बाद एएचटीयू की टीम ने सावंगी (मेघे) टी-पॉइंट स्थित कृष्णाई कोर्ट बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर फ्लैट क्रमांक-13 पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान रामनगर, वर्धा निवासी राजू उर्फ निलेश आटेवार (21) मौके पर मिला।
फ्लैट की तलाशी के दौरान एक कमरे में पंटर और एक पीड़ित महिला आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि वह दूसरे राज्य की रहने वाली है और मुस्कान उर्फ शबनम ने उसे पैसों का लालच देकर वर्धा बुलाया था।
जांच में यह भी सामने आया कि ग्राहकों से पैसे वसूलने और फ्लैट की देखरेख की जिम्मेदारी राजू उर्फ निलेश आटेवार को सौंपी गई थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन मोबाइल फोन, 8 हजार रुपये नकद तथा अन्य सामग्री जब्त की। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 38 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सावंगी (मेघे) थाने में मामला दर्ज किया है। पीड़ित महिला को संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए महिला सुधार गृह, वर्धा भेज दिया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी मुस्कान उर्फ शबनम अभी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार प्रयास कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी, सहायक पुलिस निरीक्षक आशीष सिंह ठाकुर तथा अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने अंजाम दी।
