कारला चाैक में छिपाई गई थी शराब …

wardha वर्धा, 14 जून 2026
जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने कारला चौक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 हजार 100 रुपये की शराब एवं बीयर का अवैध स्टॉक जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामनगर पुलिस थाना के शराबबंदी दस्ते को कार्ला चौक स्थित आकरे सभागार के पीछे अवैध रूप से विदेशी शराब का भंडारण किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार, 13 जून की शाम करीब 7.30 से 8 बजे के बीच विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाकर मौके पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस को विभिन्न नामी कंपनियों की विदेशी शराब और बीयर का अवैध स्टॉक मिला। पुलिस ने कुल 30 हजार 100 रुपये मूल्य का माल जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी संगम सूरज साहू (29), निवासी आकरे सभागार के पीछे, कारला चौक, वर्धा को हिरासत में लिया। आरोपी के विरुद्ध रामनगर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 568/26 दर्ज कर महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की धारा 65(ई) एवं 77(अ) के तहत मामला कायम किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

यह कार्रवाई रामनगर पुलिस स्टेशन की पुलिस निरीक्षक राखोंडे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में शराबबंदी दस्ते के पुलिस कर्मचारी अविनाश बनसोड, मुकेश वांदिले, मनोज भोमले तथा विक्की अनेराव ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!