मातम में बदली शादी की खुशियां….

wardha वर्धा 8 जून 2026
आर्वी-पुलगांव मार्ग पर विरुल स्थित समृद्धि महामार्ग के पुल के नीचे मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सालफळ गांव के ग्राम पंचायत कर्मचारी योगेश मेश्राम देवली में अपनी अंतिम परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। वहीं दूसरी ओर दरने टाकली निवासी देवेंद्र दरने और गंगाधर दरने अपने परिवार में होने वाले विवाह के निमंत्रण पत्र बांटकर वापस लौट रहे थे।

विरुल के समीप समृद्धि महामार्ग के पुल के नीचे दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलगांव ग्रामीण अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच पुलगांव पुलिस कर रही है।

इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ओर अंतिम परीक्षा देकर उज्ज्वल भविष्य के सपने लेकर घर लौट रहा युवक, तो दूसरी ओर परिवार की खुशियों को बांटने के लिए विवाह के निमंत्रण पत्र वितरित कर लौट रहे दो चचेरे भाई… लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। एक ही पल में तीनों की जिंदगी थम गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!