wardha वर्धा, 6 मई
शराबबंदी वाले जिले में अवैध शराब कारोबार अब खतरनाक मोड़ लेता दिख रहा है। तस्करों ने कानून से बचने के लिए नाबालिगों को आगे करना शुरू कर दिया है। वायगांव निपानी में पुलिस की कार्रवाई ने इस सच्चाई को उजागर कर दिया।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बालाजी फैमिली रेस्टोरेंट पर छापा मारते हुए पूरे परिसर को घेर लिया। जैसे ही टीम अंदर पहुंची, काउंटर पर एक नाबालिग बालक शराब बेचते हुए मिला। वहीं हॉल में तीन टेबलों पर 11 लोग खुलेआम शराब पीते नजर आए, जबकि 3 कर्मचारी उनकी सेवा में जुटे थे।
तलाशी के दौरान देशी-विदेशी शराब और बीयर का 19,950 रुपये का स्टॉक बरामद हुआ, साथ ही 6,300 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इसके अलावा फ्रीजर, प्लास्टिक गिलास, मोबाइल, 25 कुर्सियां, 3 टेबल और एक बाइक समेत कुल 1,56,850 रुपये का सामान पुलिस ने कब्जे में लिया।
इस मामले में नाबालिग सहित 17 आरोपियों और होटल संचालक किरण कामडी के खिलाफ सावंगी मेघे थाने में शराबबंदी कानून और बाल श्रम अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई न केवल अवैध शराब कारोबार की पोल खोलती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि लालच में नाबालिगों को अपराध की राह पर धकेला जा रहा है—जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
