wardha वर्धा, 17 मार्च
पिछले कुछ दिनों से शहर में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी देखी जा रही है। इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए साइबर ठगों ने अब महिलाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। गैस कनेक्शन की जानकारी अपडेट करने के बहाने लाखों रुपये की ठगी के मामले सामने आए हैं।
महाराष्ट्र में महिलाओं को यह कहकर फोन किया जाता है कि वे Bharat Gas, HP Gas, Indane Gas या MGL Gas से बात कर रहे हैं। इसके बाद KYC अपडेट या गैस सिलेंडर बुकिंग के नाम पर मोबाइल पर एक APK फाइल भेजी जाती है, जिसे डाउनलोड कर फॉर्म भरने के लिए कहा जाता है।
जैसे ही उपयोगकर्ता यह फाइल डाउनलोड कर फॉर्म भरता है, साइबर ठग उसके फोन का रिमोट एक्सेस हासिल कर लेते हैं। इसके जरिए बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड और OTP चोरी कर खाते से पूरी रकम निकाल ली जाती है।
साइबर अपराधी व्हाट्सएप या मैसेज के जरिए लिंक या APK फाइल भेजते हैं। इसे डाउनलोड करना बेहद खतरनाक हो सकता है, क्योंकि इससे आपके मोबाइल की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।
सावधानी के लिए जरूरी बातें:
साइबर सेल के पुलिस उप निरीक्षक आशीष चिलांगे ने बताया कि अज्ञात लिंक या फाइल पर कभी क्लिक न करें। केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप का ही उपयोग करें। बैंक डिटेल, आधार नंबर या OTP किसी के साथ साझा न करें, क्योंकि गैस कंपनियां फोन पर इस तरह की जानकारी नहीं मांगतीं।
यदि किसी के साथ इस तरह की ठगी होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

