फायरिंग हो गई साहब …

  • डायल 112 से मजाक पड़ गया भारी
  • शराबी पर किया गया केस दर्ज
  • खानी पड़ेगी जेल की हवा

wardha वर्धा, 13 मार्च
आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली डायल 112 पर झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना एक युवक को भारी पड़ गया। इस मामले में देवली पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार 13 मार्च को डायल 112 नियंत्रण कक्ष में एक कॉल प्राप्त हुआ, जिसमें कॉलर ने बताया कि देवली के रत्नापुर इलाके में उसकी गाड़ी को टक्कर मारने के बाद तीन लोगों ने बंदूक से फायरिंग की और गोली पास के एक पेड़ को लगी है। कॉलर ने यह भी दावा किया कि आरोपी यवतमाल की दिशा में भाग गए हैं।

गंभीर सूचना मिलते ही नियंत्रण कक्ष ने मात्र 15 सेकंड के भीतर देवली पुलिस स्टेशन को कॉल डिस्पैच किया और थानेदार सहित पुलगांव के उपविभागीय पुलिस अधिकारी को भी इसकी जानकारी दी गई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके की जांच शुरू की, लेकिन वहां ऐसी किसी भी घटना के होने के कोई सबूत नहीं मिले।

बाद में जांच के दौरान कॉल करने वाला महेश जुमले कानगांव में मिला, जो उस समय नशे की हालत में था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने मजाक के तौर पर झूठा कॉल किया था। इसके बाद देवली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस मामले पर पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल ने कहा कि डायल 112 आपातकालीन सहायता के लिए बनाया गया है। इसका दुरुपयोग कर झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि इस सेवा का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन स्थितियों में ही करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!