wardha वर्धा, 11 मार्च
वर्धा और अमरावती जिलों को सीधे जोड़ने के लिए आर्वी तहसील के सायखेड़ा गांव के पास वर्धा नदी पर पुल निर्माण की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर सांसद अमर काले ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में मुलाकात कर पुल निर्माण के लिए निधि मंजूर करने की मांग की है।
सायखेड़ा गांव वर्धा जिले में स्थित है, जबकि पास ही अमरावती जिले की सीमा लगती है। बीच में वर्धा नदी होने के कारण सायखेड़ा और आसपास के 10 से 15 गांवों के लोगों को अमरावती जिले में जाने के लिए करीब 20 से 25 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ता है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम, व्यापार, शिक्षा और चिकित्सा के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
इस समस्या को लेकर सायखेड़ा और आसपास के 10–12 गांवों के ग्रामीणों ने सांसद अमर काले से मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई और सायखेड़ा के पास वर्धा नदी पर पुल निर्माण की मांग की। ग्रामीणों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए सांसद अमर काले ने संसद के बजट सत्र के दौरान 11 मार्च 2026 को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और उन्हें इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए पत्र भी सौंपा।
सांसद काले ने बताया कि यदि सायखेड़ा के पास वर्धा नदी पर पुल का निर्माण होता है, तो वर्धा और अमरावती जिले के नदी किनारे बसे गांवों के लोगों की आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और दोनों जिलों के बीच संपर्क और व्यापार भी बढ़ेगा।
इस मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्या को ध्यान में रखते हुए सायखेड़ा के पास वर्धा नदी पर पुल निर्माण के प्रस्ताव पर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
