- भारत नागपाल की हत्या का मामला
- वर्धा में सड़क पर जन सैलाब
Wardha वर्धा, 6 मार्च – पुलगांव के व्यवसायी एवं भाजपा शहर महामंत्री भारत नागपाल की चंद्रसैकड़ों पुर जिले के बांबर्डा रेत घाट पर हुई हत्या के विरोध में वर्धा में शनिवार को मूक रैली निकाली गई। इस रैली में सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल हुए और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
रैली के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। खास बात यह रही कि मृतक भारत नागपाल के दो वर्षीय पुत्र वेदराज ने जिलाधिकारी वान्मथी सी को अपने हाथों से ज्ञापन सौंपते हुए पिता के हत्यारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि होली की पूर्व संध्या पर बांबर्डा रेत घाट पर साजिश रचकर भारत नागपाल की हत्या कर दी गई थी। नागपाल पुलगांव के युवा व्यवसायी होने के साथ ही सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय समाजसेवी भी थे। इस हत्याकांड की गूंज विधानसभा तक में सुनाई दी है।
मूक रैली वर्धा के नामदेव मठ से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद रैली जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। ज्ञापन के माध्यम से इस मामले के 12 आरोपियों को फांसी की सजा देने, जांच सीआईडी को सौंपने तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट में जल्द सुनवाई की मांग की गई।
रैली के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला। दो वर्षीय वेदराज अपने छोटे-से हाथों में पिता को न्याय दिलाने की मांग वाला फलक थामे रहा। कड़ी धूप के बावजूद मासूम रैली में डटा रहा। रैली में पंजाबी समाज और नागपाल के मित्र-परिवार के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और एकजुट होकर भारत नागपाल को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
