Nagpur नागपुर, 4 मार्च
‘राष्ट्रीय लाइनमैन दिवस’ के अवसर पर नागपुर से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। महाल विभाग में वरिष्ठ तकनीशियन के रूप में कार्यरत दिपाली खोब्रागडे को 7 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
महाराष्ट्र से चयनित चार कर्मचारियों में दिपाली एकमात्र महिला हैं। उनका यह चयन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे महावितरण परिवार और नागपुर परिमंडल के लिए गर्व का क्षण है।
इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए काटोल रोड स्थित ‘विद्युत भवन’ में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने दिपाली को शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अधीक्षक अभियंता अमित परांजपे, संजय वाकडे, कार्यकारी अभियंता महेश चतुर्वेदी, सहायक महाव्यवस्थापक (मानव संसाधन) महेश जाधव, उपमुख्य औद्योगिक संबंध अधिकारी सचिन लहाने सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह में भावुक होते हुए दिपाली ने कहा कि “लाइनमैन केवल एक पद नहीं, यह जिम्मेदारी और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि उन्हें शुरू से ही चुनौतीपूर्ण कार्य करने की प्रेरणा मिलती रही है।
दिपाली ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और सहकर्मियों को देते हुए कहा कि ग्राहकों से मिलने वाला सम्मान हर डर को दूर कर देता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस क्षेत्र में आगे आएं और बिजली सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें।
मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने कहा कि यह सम्मान केवल नागपुर परिमंडल का नहीं, बल्कि पूरे महावितरण के लिए गौरव की बात है।
