Wardha वर्धा, 19 फरवरी, समुद्रपुर तहसील में नागपुर–हैदराबाद राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 44 पर स्थित वाघाडी नदी के पुल पर एक ट्रक ने कार को कुचल दिया। हालांकि इस भीषण हादसे में कार सवार दोनों लोग बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 जनवरी की शाम करीब 4 बजे चंद्रपुर जिले के वरोरा निवासी प्रमोद शांतिलाल बोरा और पवन प्रकाश संचेती कार क्रमांक एमएच 31 एफई 4148 से नागपुर लौट रहे थे। इसी दौरान शेडगांव चौक के पास स्थित वाघाडी नदी के पुल पर ट्रक क्रमांक एमएच 40 सीएम 5608 ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक और पुल के बीच फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार की हालत देखकर अंदाजा लगाना मुश्किल था कि उसमें सवार कोई जीवित बचा होगा। लेकिन सौभाग्य से प्रमोद बोरा और पवन संचेती दोनों सुरक्षित बच गए।
कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने से दोनों कार में फंस गए थे। सूचना मिलते ही जाम महामार्ग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को बाहर निकाला।
हादसे के बाद नागपुर–हैदराबाद महामार्ग पर लगभग एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। काफी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु किया जा सका।
