wardha वर्धा, 18 फरवरी
वर्धा जिले में लूटपाट की एक वारदात का खुलासा करते हुए स्थानीय अपराध शाखा ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे की लत के चलते आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया।
6 फरवरी की रात हिंगणघाट निवासी विजेंद्र देशमुख (54) छोटी वणी से 45 हजार रुपये लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान जाम हाईवे के पास दो अज्ञात बाइक सवारों ने उन्हें बाइक से गिराकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने मुखबिरों के माध्यम से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि नशे की लत के कारण कुछ युवक इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दे सकते हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि हिंगणघाट के भीमनगर निवासी प्रफुल उर्फ चांग्या चंदनखेडे (19) तथा बिडकर वार्ड निवासी रोहित गोड़े इस वारदात में शामिल हैं।
पुलिस ने प्रफुल चंदनखेडे को टाका ग्राउंड, हिंगणघाट से गिरफ्तार कर लिया। जबकि प्रफुल का साथी रोहित गोड़े फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पूछताछ में उसने लूटपाट की घटना स्वीकार कर ली है। आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान सहित 42 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई अपराध शाखा के विजय सिंह गोमलाडू, पुलिस उपनिरीक्षक प्रकाश लसुन्ते, मनोज धात्रक, हमीद शेख, शेखर डोंगरे, अमरदीप पाटिल, धर्मेंद्र अकाली, महादेव सानप, विकास मुंडे, उदय सोलंकी, गोविंद मुंडे, स्मिता महाजन और मीना कौरती की टीम ने संयुक्त रूप से की।
