Nagpur

नागपुर को चमकाने निकले मनपा उपायुक्त भगत !

Admin Desk
०६ नोव्हें २०२६, १०:०२ स.
विदर्भ अपडेट
बातमीचा फोटो

Nagpur नागपुर, 6 नवंबर 2026

सरकारी कार्यालयों में काम करवाने के लिए नागरिकों को अक्सर चक्कर काटने पड़ते हैं. लेकिन नागपुर मनपा के घनकचरा व्यवस्थापन कक्ष के उपायुक्त राजेश भगत ने अपनी कार्यशैली से इस धारणा को बदलने का प्रयास किया है. शहर की सफाई, कचरा, गंदगी और नालियों के चोक होने जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने प्रभावी व्यवस्था बनाई है.

**कॉन्फ्रेंस कॉल से शिकायतों का निपटारा**

शिकायत मिलते ही उपायुक्त भगत कॉन्फ्रेंस कॉल के माध्यम से संबंधित कर्मचारी को शिकायतकर्ता से जोड़ते हैं और समस्या के समाधान के निर्देश देते हैं. जरूरत पड़ने पर कर्मचारी को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा जाता है. मनपा के ऑनलाइन पोर्टल पर भी नागरिक सफाई संबंधी शिकायत के साथ फोटो अपलोड कर सकते हैं. शिकायतों के समाधान के लिए अधिकतम 72 घंटे की समयसीमा निर्धारित है. प्रतिदिन करीब 100 से 125 नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं.

**मशीनों से हो रही गटर की सफाई**

शहर में सफाई कर्मचारियों को गटर में उतरने से बचाने के लिए 20 जेटिंग और सक्शन मशीनें लगाई गई हैं. इनके अलावा गहराई तक सफाई के लिए रोबोटिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है.

**स्वास्थ्य जांच से नियुक्ति तक पहल**

सफाई कर्मचारियों की मेयो और मेडिकल अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कर मेडिकल फाइल तैयार की जा रही है, ताकि गंभीर बीमारियों का समय रहते पता चल सके. वहीं, लाड-पागे समिति की सिफारिशों के तहत पिछले छह महीनों में 476 कर्मचारियों को नियुक्ति संबंधी लाभ दिलाया गया है. अन्य 450 कर्मचारियों को अगले दो महीनों में नियुक्ति पत्र मिलने की उम्मीद है. इस तरह कुल 926 लंबित प्रकरणों को सुलझाने की पहल की गई है.

इसके अलावा यूनिफॉर्म और रेनकोट की गुणवत्ता संबंधी शिकायतों को दूर करने के लिए अब उनकी खरीदी की राशि सीधे कर्मचारियों के खातों में जमा की जा रही है.

उपायुक्त की पहल से लाभान्वित कर्मचारी यश दहिवले ने नियुक्ति मिलने पर संतोष जताया. वहीं, बारीपुरा चौक के राजू साबरे ने बताया कि शिकायत के बाद उनके क्षेत्र में सफाई और सौंदर्यीकरण का काम हुआ. भगत की कार्यशैली से नागरिकों और सफाई कर्मचारियों को राहत मिल रही है.

ही बातमी शेअर करा: