नाशिक की जेल भेजा वर्धा के विकास पांडे को

वर्धा जिले में 2026 में अब तक 11 अपराधियों पर कार्रवाई

Wardha वर्धा, 17 अक्टूबर 2026
वर्धा के इतवारा बाजार निवासी कुख्यात विकास सूरज पांडे (31) को महाराष्ट्र झोपड़पट्टी दादा, अवैध शराब विक्रेताओं, खतरनाक व्यक्तियों और अन्य अपराधियों की विघातक गतिविधियों पर अंकुश लगाने संबंधी अधिनियम (एमपीडीए), 1981 के तहत स्थानबद्ध किया गया है। जिलाधिकारी वान्मथी सी। ने 16 अक्टूबर 2025 को उसके खिलाफ आदेश जारी किया था। इसके बाद उसे नासिक रोड मध्यवर्ती कारागृह भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, विकास पांडं के खिलाफ वर्ष 2020 से वर्धा शहर पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत आठ मामले दर्ज हैं। इनमें घातक हथियार रखना, मारपीट, जान से मारने की धमकी देना, फिरौती मांगना, घर में घुसकर हमला करना, पथराव, हत्या का प्रयास और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। एक मामले में मकोका की धाराएं बढ़ाकर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया गया है। सभी आठ मामले न्यायप्रविष्ट हैं।

पुलिस का कहना है कि विकास पांडं ने पिछले छह वर्षों से क्षेत्र में दहशत फैला रखी थी। उसके डर से कई पीड़ित शिकायत दर्ज कराने से भी हिचकते थे। उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 129(ई) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई, लेकिन इसके बावजूद उसकी गतिविधियों में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल के माध्यम से जिलाधिकारी को स्थानबद्धता का प्रस्ताव भेजा गया।

एक वर्ष में 29 अपराधियों पर कार्रवाई

पुलिस और राजस्व विभाग के समन्वय से वर्ष 2025 में एमपीडीए के तहत 18 लोगों को स्थानबद्ध किया गया, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 11 अपराधियों पर कार्रवाई हुई है। प्रशासन ने अवैध शराब विक्रेताओं, खतरनाक अपराधियों और रेत माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं। आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे और स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!