Wardha वर्धा, 17 अक्टूबर 2026
महाराष्ट्र राज्य टेबल टेनिस संघटन (MSTTA) की ओर से तथा सूरज फाउंडेशन, सांगली के सहयोग से टेबल टेनिस प्रशिक्षकों हेतु लेवल 1 एवं लेवल 2 प्रशिक्षक प्रशिक्षण शिविर एवं परीक्षा दिनांक 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक नवकृष्णा वैली गुरुकुल, सांगली में आयोजित हुई। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों के प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्ण सहभाग दर्ज कराया।
वर्धा जिले के प्रशिक्षकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया।
शिविर में प्रशिक्षकों को टेबल टेनिस के तकनीकी कौशल, आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियां, खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास, खेल के नियम तथा प्रतिस्पर्धी दृष्टिकोण के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। इसका उद्देश्य प्रशिक्षकों की व्यावसायिक गुणवत्ता बढ़ाकर राज्य में दक्ष प्रशिक्षकों की फौज तैयार करना था।
परीक्षा में कृष्णा डगवार ने लेवल 1 एवं लेवल 2 दोनों परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। ओम गोडे ने लेवल 1 में 50 में से 50 अंक प्राप्त कर कृष्णा के साथ प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि लेवल 2 में उन्होंने ‘A’ श्रेणी में सफलता पाई। ओम तिवारी ने लेवल 2 परीक्षा में चौथा स्थान प्राप्त किया। स्वप्नील कांबळे, अदिति भोयर और लेखिका गौलकर ने भी ‘A’ श्रेणी में उत्तीर्ण होकर जिले की सफलता में योगदान दिया।
MSTTA के अध्यक्ष प्रवीण लुणकड, सेक्रेटरी जनरल यतीन टिपणीस, सचिव अधि. आशुतोष पोतनीस तथा सभी पदाधिकारियों के प्रयासों से आयोजित इस उपक्रम को खेल जगत से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे प्रशिक्षण से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण मिलेगा और राज्य से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे।
वर्धा जिला हौशी टेबल टेनिस संघटन (WDATTA) की ओर से सभी सफल प्रशिक्षकों का हार्दिक अभिनंदन किया गया। संघटन के अध्यक्ष अतल बिहारी पांडे, उपाध्यक्ष प्रदीप बजाज, सचिव ओम तिवारी सहित सभी पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों का मानना है कि इस सफलता से जिले की टेबल टेनिस प्रशिक्षण व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और भविष्य में अधिक गुणवत्तापूर्ण खिलाड़ी तैयार होंगे।
