वर्धा में रुपयों के लिए बुजुर्ग का अपहरण….

  • जल गांव जिले का आरोपी वर्धा में वारदात
  • नागपुर हैदराबाद मार्ग की घटना
  • अमरावती जिले में पकड़ा गया आरोपी

Wardha वर्धा, 19 अक्टूबर 2026
प्रतिनिधि । हिंगणघाट में एक बुजुर्ग का अपहरण कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देकर ऑनलाइन 20 हजार रुपये वसूलने के मामले में वर्धा स्थानीय अपराध शाखा ने 24 घंटे के भीतर आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया । आरोपी की पहचान सुरेशसिंग बंगालसिंग चितोडिया (40), निवासी पाचोरा, जिला जलगांव के रूप में हुई है ।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को फरियादी रूपचंद चोखोबा कांबले (68), निवासी धामणगांव वाठोडा, सुबह करीब 10 बजे हिंगणघाट कृषि उपज मंडी समिति के पास नागपुर-हैदराबाद राजमार्ग पर खड़े थे । इसी दौरान सफेद कार लेकर पहुंचे एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें अपनी कार में बैठने के लिए कहा । आरोपी ने उन्हें यह कहकर भरोसा दिलाया कि वह भी उधर अस्पताल की ओर जा रहा है और उन्हें छोड़ देगा ।

इसके बाद आरोपी ने बुजुर्ग को जबरन कार में बैठाया और वणी गांव के पास ले गया । वहां उसने मुक्कों से उनके चेहरे और आंखों पर वार कर उन्हें घायल कर दिया । आरोपी ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देकर जबरन ऑनलाइन 20 हजार रुपये वसूल लिए । इस शिकायत के आधार पर हिंगणघाट पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया ।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल ने स्थानीय अपराध शाखा की टीमें आरोपियों की तलाश में नागपुर और पुलगांव रवाना कीं । पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर वारदात में वसूली गई रकम प्राप्त करने वाले व्यक्ति का नागपुर जिले में पता लगाया । उससे मिली जानकारी के आधार पर मुख्य आरोपी की तलाश शुरू की गई ।

जांच के दौरान आरोपी सुरेशसिंग बंगालसिंग चितोडिया अमरावती जिले के देवगांव क्षेत्र में मिला । पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध कबूल किया ।

पांच लाख की कार सहित सामग्री जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद कार (एमएच 19 ईए 3980), जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये है, सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 10 हजार रुपये है, तथा 17 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं ।

यह कार्रवाई स्थानीय अपराध शाखा के उपनिरीक्षक राहुल इटेकर, पुलिस हवलदार नरेंद्र पाराशर, रामेश्वर नागरे, अरविंद येणुरकर, मनोज धात्रक, महादेव सानप तथा पुलिस कांस्टेबल मिथुन जिचकार, प्रफुल पुनवटकर, सागर भोसले, हर्षल सोनटक्के और साइबर सेल के पुलिस हवलदार अक्षय राउत शामिल थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!