बोर के जंगल में ‘कैटरीना’ और उसका बेटा ‘ओम’

  • अभिनेता सुमित राघवन को बाघ, बाघिन के दर्शन
  • अभिनेता संग पर्यटकों ने भी उठाया आनंद
    महाराष्ट्र में बढ रहा बोर का आकर्षण


Wardha वर्धा, 18 अक्टूबर 2026
नवरात्रि उत्सव के दौरान प्रकृति के सान्निध्य में जंगल सफारी का आनंद कुछ अलग ही होता है. ऐसे में बाघों का दीदार हो जाए, तो पर्यटकों का उत्साह दोगुना हो जाता है. शनिवार, 17 अक्टूबर की सुबह वर्धा जिले के बोर व्याघ्र प्रकल्प की कोर जंगल सफारी के दौरान अभिनेता सुमित राघवन सहित पर्यटकों को बाघिन ‘कैटरीना’ और उसके बेटे ‘ओम’ को देखने का अवसर मिला. दोनों बाघों को प्राकृतिक आवास में देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे.

बोर व्याघ्र प्रकल्प वन्यजीव और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन रहा है. यहां का घना जंगल, हरियाली, मनमोहक प्राकृतिक वातावरण और विविध वन्यजीव पर्यटकों को अनूठा अनुभव प्रदान करते हैं. विशेष रूप से बाघों का दीदार पर्यटकों के लिए रोमांच और उत्सुकता का विषय रहता है. शनिवार की सफारी में बाघिन कैटरीना और उसके बेटे ओम की मौजूदगी ने पर्यटकों की खुशी बढ़ा दी.

बीटीआर-3 के नाम से पहचानी जाने वाली कैटरीना की शानदार चाल और उसके बेटे ओम का आकर्षक रूप पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहा. नवरात्रि के अवसर पर पर्यटन के लिए निकले लोगों के लिए यह नजारा यादगार बन गया. जंगल में वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक परिवेश में देखने से पर्यटकों को प्रकृति के करीब आने का अवसर मिला.

*‘बोर का जंगल मनमोहक और अविस्मरणीय’*ं

शनिवार सुबह अभिनेता सुमित राघवन अपनी टीम के साथ बोरधरण गेट से जंगल सफारी के लिए रवाना हुए. दोपहर तक उन्हें अन्य पर्यटकों के साथ बाघिन कैटरीना और उसके बेटे ओम के दर्शन हुए. सफारी के दौरान उन्होंने बोर के जंगल की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया और विभिन्न पक्षियों तथा अन्य वन्यजीवों को भी करीब से देखा.

राघवन ने बोर के जंगल को मनमोहक और अविस्मरणीय बताया. उनके अनुसार, यहां की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों की विविधता सफारी के अनुभव को खास बनाती है.

इस अवसर पर जंगल सफरनामा के अध्यक्ष संकेत गावंडे, अनिकेत भोयर, बोर के उपसंचालक मंगेश ठेगडी और वनपरिक्षेत्र अधिकारी नितीन बोरकर सहित अन्य उपस्थित थे. बाघों के दीदार से पर्यटकों की सफारी यादगार बन गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!