wardha नागपुर, 21 अगस्त
मध्य रेल के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध रोकथाम एवं पता लगाने वाली टीम (सीपीडीएस) और क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (सीआईबी) ने धोखाधड़ी और मोबाइल चोरी के दो अलग-अलग मामलों का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल, ईयरफोन और नकदी बरामद की गई। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बरामद सामान सहित जीआरपी नागपुर के सुपुर्द किया गया।
टिकट बुक कराने के बहाने की धोखाधड़ी
पहले मामले में नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 2 पर एक यात्री ने आरपीएफ को शिकायत दी कि एक व्यक्ति ने रेलवे टिकट बुक कराने में मदद करने के बहाने उसका रियलमी मोबाइल फोन, ईयरफोन और नकद राशि लेकर धोखाधड़ी की। शिकायत के बाद सीपीडीएस और सीआईबी टीम ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। आरोपी ट्रेन क्रमांक 12722 के एस-2 कोच में सवार हुआ था।
आरपीएफ टीम ने आरोपी की तस्वीरें चंद्रपुर आरपीएफ टीम के साथ साझा कीं। चंद्रपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की जांच के दौरान संदिग्ध को पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल, ईयरफोन और नकदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने यात्री को झांसा देकर सामान चोरी करने की बात स्वीकार की। मामले में जीआरपी नागपुर में पहले ही प्रकरण दर्ज था। आरोपी को बरामद संपत्ति सहित जीआरपी के हवाले कर दिया गया।
चार्जिंग प्वाइंट से मोबाइल चोरी
दूसरे मामले में नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 स्थित पीआरएस क्षेत्र के चार्जिंग प्वाइंट पर मोबाइल चार्ज कर रहे यात्री का फोन चोरी हो गया। शिकायत मिलने के बाद सीपीडीएस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में आरोपी मोबाइल चोरी करने के बाद ट्रेन क्रमांक 12539 में सवार होता दिखाई दिया।
आरपीएफ ने आरोपी की पहचान कर विभिन्न स्टेशनों पर तैनात टीमों को अलर्ट किया। ट्रेन के तकनीकी ठहराव के दौरान संदिग्ध को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने चार्जिंग प्वाइंट से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके पास से चोरी किया गया इनफिनिक्स मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस मामले में भी जीआरपी नागपुर में प्रकरण दर्ज था। आरोपी और बरामद मोबाइल को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी नागपुर को सौंप दिया गया।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
आरपीएफ ने यात्रियों से यात्रा के दौरान मोबाइल और सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ को दें अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करें।
