wardha वर्धा, 19 अगस्त 2026
पुलगांव पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर (हेरोइन) की तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 6.56 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन समेत कुल 57 हजार 200 रुपये का माल जब्त किया है.
सूचना मिलते ही बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग रात के समय ब्राउन शुगर लेकर पुलगांव पहुंचने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रात से ही संबंधित क्षेत्र में जाल बिछाकर संदिग्धों पर नजर रखी. जैसे ही दोनों आरोपी वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन बरामद हुई.
दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रथम चटपकर (23), निवासी इंदिरानगर, पुलगांव और जावेद अहमद मुख्तार अहमद (43), निवासी गुंजखेडा के रूप में हुई है.
पुलिस ने दोनों के पास से 6.56 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन), जिसकी कीमत 37 हजार 200 रुपये है, बरामद की. इसके अलावा दोनों आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. जब्त माल की कुल कीमत 57 हजार 200 रुपये बताई गई है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला
इस मामले में पुलगांव पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक मदनकर कर रहे हैं.
यह कार्रवाई पुलिस उपनिरीक्षक शहाजी घोडके के नेतृत्व में पुलिस कांस्टेबल संदीप बोरबन, सोमेश गंथाडे, अजय अनंतवार, नकुल शेंडे, अमोल आडे और प्रवीण राठोड़ की टीम ने की.
