CAD पुलगांव की टीएफएफ रेस्क्यू टीम ने…


​पुलगांव (वर्धा), 21 जुलाई 2026
20 जुलाई को अल सुबह समृद्धि महामार्ग के पुलगांव इंटरचेंज के पास अत्यधिक ज्वलनशील इथेनॉल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे क्षेत्र में एक भीषण हादसा और बड़े विस्फोट का खतरा मंडराने लगा था। हादसे की सूचना मिलते ही CAD पुलगांव के सुरक्षा अधिकारी (Security Officer) ने तुरंत संज्ञान लिया और बिना समय गंवाए CAD पुलगांव की टीएफएफ (TFF) रेस्क्यू टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।


​स्टेशन ऑफिसर विलास टेमरे सर एवं उनके समर्पित स्टाफ की फायर फाइटिंग टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति पर काबू पाया। किसी भी तरह के घर्षण या विस्फोट को रोकने के लिए टीम ने लगातार पानी का छिड़काव कर टैंकर और आसपास के पूरे परिसर में कूलिंग का कार्य किया। CAD की इस सुरक्षात्मक तैनाती के बीच क्रेन के माध्यम से इथेनॉल टैंकर को सुरक्षित रूप से सीधा कराया गया और उसके मरम्मत का कार्य पूरा हुआ, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया।


​गौर करने वाली बात यह है कि केवल पुलगांव ही नहीं, बल्कि संपूर्ण वर्धा जिला एवं आसपास के पड़ोसी जिलों में जब भी कोई भीषण आगजनी या आपातकालीन दुर्घटना होती है, तो सेंट्रल एमुनेशन डिपो (CAD) पुलगांव का फायर फाइटिंग दस्ता नागरिक प्रशासन की मदद (Aid to Civil Authorities) के लिए सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहता है। चाहे कोई भी जटिल या चुनौतीपूर्ण परिस्थिति हो, CAD पुलगांव अपनी त्वरित प्रतिक्रिया और कुशल आपदा प्रबंधन से हमेशा एक अहम भूमिका निभाता आया है। CAD टीम के इस साहसिक और तत्परतापूर्ण कार्य के लिए वर्धा के जिला कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक (SP) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके इस योगदान की भूरि-भूरि सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!