Nagpur नागपुर, 7 जुलाई
महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते पुणे जिले के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए उपमुख्यमंत्री एवं पुणे जिले की पालक मंत्री श्रीमती सुनेत्रा अजितदादा पवार ने फोन के माध्यम से प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने पुणे के जिलाधिकारी, पुणे तथा पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिकाओं के आयुक्त, पुलिस प्रशासन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर वर्षा की स्थिति पर लगातार नजर रखने, जलभराव एवं संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी को सतर्क रहने का निर्देश दिया।
इस बीच, बुधवार से प्रारंभ हो रही जगद्गुरु संत तुकाराम महाराज और संत ज्ञानेश्वर माऊली की ऐतिहासिक पालखी यात्रा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि लाखों वारकरियों (श्रद्धालुओं) की सुरक्षा, आवास, परिवहन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। पालखी मार्ग पर सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बारिश की स्थिति पर प्रशासन चौबीसों घंटे निगरानी रखे और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करे, जिससे नागरिकों और पालखी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जा सके।
