गड़चिरोली मेें नक्सलियों के हथियार…

  • सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दी सुरक्षा बल को बधाई

Nagpur नागपुर, 30 जून 2026
गड़चिरोली जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए संयुक्त अभियान की सफलता पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पर जारी अपने आधिकारिक संदेश के माध्यम से गड़चिरोली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अधिकारियों एवं जवानों को बधाई दी है।

महाराष्ट्र सरकार की नक्सलवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत मिली गुप्त सूचना के आधार पर गड़चिरोली पुलिस और सीआरपीएफ ने महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा स्थित बालबेडा जंगल क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई हथियार निर्माण सामग्री बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई।

अभियान के दौरान लगभग 5 से 6 टन वजनी एक लेथ मशीन, 150 क्लेमोर एवं बीजीएल पाइप, 220 नग 12 बोर पाइप, 20 राइफल रॉड मेटल पट्टियां तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री को नष्ट किया गया।

बताया गया है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की हथियार निर्माण क्षमता और विध्वंसक गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सुरक्षा बलों की साहसिक और प्रभावी कार्रवाई से संभावित खतरे को टालने में सफलता मिली है। उन्होंने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!