रिधोरा बांध में डूबे दो युवक, दो बाल बाल बच गए

wardha वर्धा, 30 जून 2026
सेलू तहसील के रिधोरा स्थित पंचधारा बांध में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे नहाने के लिए उतरे वर्धा शहर के चार दोस्तों में से दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्धा शहर के ओम वरठी (38 वर्ष, निवासी सावजी नगर), राकेश (34 वर्ष, निवासी आदिवासी कॉलोनी), प्रवीण हिवसे (निवासी गजानन नगर) तथा चंदू मेश्राम (निवासी सावजी नगर) मंगलवार दोपहर रिधोरा बांध क्षेत्र में घूमने और मौज-मस्ती के लिए पहुंचे थे।

चारों युवक बांध के पानी में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से ओम वरठी और राकेश नाम युवक गहरे पानी में डूब गए। दोनों को डूबता देख उनके साथी घबरा गए और तत्काल रिधोरा गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही सेलू पुलिस के पुलिस निरीक्षक पंकज वाघोडे अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों की मदद से तत्काल खोज अभियान चलाया गया, जिसके बाद दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले गए. इस हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मामले में सेलू पुलिस आगे की जांच कर रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बांध, तालाब या नदी जैसे जलाशयों में नशे की हालत में जाने या पानी में उतरने से बचें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!