वर्धा में नशे के कारोबार, 1.75 किलो गांजा जब्त

  • 6 आरोपी गिरफ्तार
    1.75 किलो गांजा बरामद
    हुंडई एक्सेंट कार और 5 मोबाइल जब्त
    कुल 3.09 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त
    एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज

wardha वर्धा, 28 जून 2026
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ वर्धा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की एंटी नारकोटिक्स टीम ने हिंगणघाट शहर में छापा मारकर 1 किलो 75 ग्राम गांजा, एक हुंडई एक्सेंट कार और 5 मोबाइल फोन सहित कुल 3,09,845 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 27 जून 2026 को क्राइम ब्रांच को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हिंगणघाट क्षेत्र के माऊली पार्क, संत तुकडोजी वार्ड में छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुजल विनोद कडू (19), प्रज्वल सुनील कडू (23), साहिल रविंद्र मुन (23), मृणाल प्रशांत गोडे (23), जिवा विजू जुनगडे (22) तथा उनके साथी विशाल राऊत के खिलाफ कार्रवाई की। पंचों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से गांजा बरामद हुआ।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बरामद गांजा सुजल कडू और प्रज्वल कडू का था, जबकि इसकी आपूर्ति साहिल मुन, मृणाल गोडे और जिवा जुनगडे ने की थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा उन्हें नागपुर के म्हाळगी नगर निवासी उनके रूम पार्टनर विशाल राऊत से मिला था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सभी आरोपी आपसी साजिश के तहत गांजे की तस्करी और बिक्री का संगठित अवैध कारोबार चला रहे थे।

पुलिस ने मौके से 1.75 किलोग्राम गांजा , गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हुंडई एक्सेंट कार (MH-43-N-6528) तथा 5 मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कीमत 3,09,845 रुपये आंकी गई है।

सभी छह आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी, पुलिस उपनिरीक्षक सिनूकुमार बानोत तथा उनकी टीम के सदस्य अरविंद येनुरकर, रोशन निंबोळकर, रवि पुरोहित, सागर भोसले, अक्षय राऊत और अभिषेक नाईक ने संयुक्त रूप से अंजाम दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!