wardha वर्धा, 19 मई : वर्धा – चंद्रपुर – गड़चिरोली स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव 18 जून को आयोजित किया जाएगा। इस चुनाव में तीनों जिलों की स्थानीय स्वराज संस्थाओं के 977 कार्यरत सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें सबसे अधिक चंद्रपुर जिले के 469 सदस्य, वर्धा जिले के 264 सदस्य तथा गड़चिरोली जिले के 244 स्थानीय स्वराज संस्थाओं के सदस्य मतदाता शामिल हैं।
तीनों जिलों में 18 मई से आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है और सभी से इसका पालन करने की अपील निर्वाचन निर्णय अधिकारी तथा चंद्रपुर जिलाधिकारी वसुमना पंत ने की है।
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में विधान परिषद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र चुनाव की जानकारी देते हुए वे बोल रही थीं। इस अवसर पर उपजिला निर्वाचन अधिकारी संजीव देशमुख तथा निवासी उपजिलाधिकारी दगडू कुंभार उपस्थित थे।
इस चुनाव के लिए चंद्रपुर महानगरपालिका के 66 सदस्य, जिले की 10 नगर परिषदों और 7 नगर पंचायतों के कुल 403 सदस्य मिलाकर चंद्रपुर जिले के कुल 469 मतदाता हैं। वहीं गड़चिरोली जिले की 3 नगर परिषदों और 9 नगर पंचायतों के कुल 244 मतदाता तथा वर्धा जिले की 10 नगर परिषदों के कुल 264 मतदाता शामिल हैं। चंद्रपुर, गड़चिरोली और वर्धा जिला परिषदों के सदस्यों की संख्या शून्य है।
वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए प्रत्येक जिले के उपविभाग मुख्यालय में एक-एक मतदान केंद्र सहित कुल 17 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मतगणना चंद्रपुर जिला स्तर पर की जाएगी।
इस चुनाव प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए केंद्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा स्वतंत्र चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे, ऐसी जानकारी निर्वाचन निर्णय अधिकारी तथा चंद्रपुर जिलाधिकारी वसुमना पंत ने दी।
