wardha वर्धा, 19 मई
कारंजा घाड़गे पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 56 हजार का माल जब्तकारंजा घाड़गे (वर्धा)। नागपुर, वर्धा और अमरावती जिले में 20 से अधिक घरों में सेंधमारी कर पुलिस के लिए सिरदर्द बना एक कुख्यात चोर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
खास बात यह रही कि कारंजा घाड़गे बस स्टैंड के सामने होटल में चोरी करने के महज दो घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी को धरदबोचा।गिरफ्तार आरोपी की पहचान नागपुर निवासी राजा खान सलीम खान के रूप में हुई है। आरोपी नागपुर शहर के बड़ा ताजबाग परिसर का रहने वाला बताया गया है।
जानकारी के अनुसार शहर निवासी नितिन राऊत का बस स्टैंड के सामने होटल है। देर रात आरोपी ने होटल का शटर तोड़कर अंदर घुसते हुएगल्ले में रखे 5 हजार रुपए चुरा लिए। घटना की जानकारी मिलते ही थानेदार प्रल्हाद मदन के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर महज दो घंटे में आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने नागपुर ग्रामीण क्षेत्र, वर्धा और अमरावती शहर में अब तक 20 से अधिक सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोपेड, मोबाइल फोन, 6 हजार रुपए नकद और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार सहित कुल 56 हजार रुपए का माल जब्त किया है।
यह कार्रवाई उपविभागीय पुलिस अधिकारी चंद्रशेखर ढोले के मार्गदर्शन में थानेदार प्रल्हाद मदन, सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश जायभाये तथा पुलिस टीम के निलेश मंडारी, नितेश मैदपवार, दिनेश घसाड, अमोल मानमोडे, श्याम गहाट, आशिष कालोकार, मंगेश मिलके और दशरथ मेहत्रे ने की।
