wardha आर्वी, 12 मई
भागदौड़ और स्वार्थ से भरे इस दौर में जहां लोग छोटी-छोटी बातों पर भरोसा खो देते हैं, वहीं एक छोटे से बच्चे ने अपनी ईमानदारी से समाज को बड़ा संदेश दिया है। देहगांव मुस्तफा निवासी बालक वेदांत संजय भोयर ने अपनी सच्चाई और संस्कारों से सभी का दिल जीत लिया।
दरअसल, सांसद अमर शरदराव काळे रविवार सुबह अपने तय कार्यक्रमों के तहत विभिन्न विवाह समारोहों में शामिल होने निकले थे। आर्वी स्थित आशीर्वाद मंगल कार्यालय में अपने सहयोगी प्रफुल्ल गलहाट के विवाह समारोह में पहुंचने के दौरान एक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने सभी को भावुक कर दिया।
गाड़ी से उतरते समय तेज धूप के कारण सांसद अमर काळे ने जेब से रूमाल निकाला। इसी दौरान अनजाने में उनकी जेब से 3500 रुपये नीचे गिर गए। विवाह समारोह की व्यस्तता में उन्हें इसका बिल्कुल ध्यान नहीं रहा और वे सीधे कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ गए।
तभी पीछे से एक मासूम आवाज गूंजी — “ओ काका… काका…!”
सांसद अमर काळे ने पीछे मुड़कर देखा तो एक छोटा बच्चा दौड़ता हुआ उनकी ओर आ रहा था। उसके हाथ में कुछ पैसे थे। पास पहुंचते ही बच्चे ने विनम्रता से कहा,
“काका, जब आप गाड़ी से उतरकर आ रहे थे, तब ये पैसे आपकी जेब से गिर गए थे।”
यह सुनते ही सांसद अमर काळे कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए। बच्चे ने पूरे ईमानदारी के साथ 3500 रुपये उन्हें वापस लौटा दिए। मासूम चेहरे पर सच्चाई और संस्कार साफ झलक रहे थे।
सांसद अमर काळे ने बच्चे की ईमानदारी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऐसी घटनाएं यह साबित करती हैं कि इंसानियत और ईमानदारी अभी भी लोगों के दिलों में जिंदा है। उन्होंने बच्चे के माता-पिता की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि इतने अच्छे संस्कार ही बच्चों को महान बनाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि,
“मामला सिर्फ 3500 रुपये का नहीं था, बल्कि उस बच्चे ने अपने संस्कारों और ईमानदारी का परिचय देकर समाज के सामने एक मिसाल पेश की है। ऐसे बच्चे भविष्य में समाज का नाम रोशन करते हैं।”
देहगांव मुस्तफा निवासी वेदांत संजय भोयर की इस ईमानदारी की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है। लोगों का कहना है कि आज के समय में जहां बड़े-बड़े लोग लालच में आ जाते हैं, वहां एक छोटे बच्चे ने अपनी सच्चाई से समाज को नई सीख दी है।
