wardha वर्धा,12 मई
सावंगी मेघे पुलिस ने बोरगांव मेघे से आगे हिंगणघाट मार्ग स्थित “कशीश रेस्टॉरेंट” पर छापा मारकर 71 हजार 900 रुपए की शराब जब्त की है।सावंगी मेघे पुलिस स्टेशन की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंजापुर स्थित वर्धा-वायगांव निपाणी मार्ग पर मौजूद “कशीश रेस्टॉरेंट” में अवैध रूप से देशी-विदेशी शराब की बिक्री की जा रही है तथा ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाने की व्यवस्था भी की गई है। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने होटल पर छापा मारा।पुलिस पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी शंकर दानानी पीछे के दरवाजे से फरार हो गया। होटल की तलाशी लेने पर एक कमरे में प्लास्टिक टेबल-कुर्सियों पर बैठे लोग शराब पीते मिले। मौके से पुलिस ने ऑफिसर चॉइस कंपनी की 180 एमएल विदेशी शराब की 12 सीलबंद बोतलें, किंगफिशर कंपनी के 500 एमएल के 2 बीयर कैन, स्टील के ग्लास, प्लास्टिक कुर्सियां, प्लास्टिक टेबल तथा एक फ्रिज जब्त किया।जब्त सामग्री की कुल कीमत 71 हजार 900 रुपए बताई गई है।इस मामले में पुलिस ने आरोपी शंकर दानानी, राहुल अरुणराव बोरले, सुनील देवेंद्रकुमार बहल तथा प्रवीण कांबले के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
