कारंजा की गुरुकुल पब्लिक स्कूल का जिले में दबदबा


wardha वर्धा, 8 मई
महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में गुरुकुल पब्लिक स्कूल, कारंजा घाड़गे ने इस वर्ष भी अपने उत्कृष्ट परिणामों की परंपरा को कायम रखते हुए अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। विद्यालय का शत-प्रतिशत परिणाम रहा तथा तालुका और जिला स्तर पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर गुरुकुल परिवार ने एक बार फिर अपनी गुणवत्ता साबित की है।

इस वर्ष विद्यालय के छात्र सृजल विनोद जाधव ने 98.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर वर्धा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं विद्यालय की ही छात्रा अक्षरा राजेंद्र इंगळे ने 98.40 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विशेष बात यह रही कि जिले में प्रथम और द्वितीय दोनों स्थान एक ही विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्राप्त कर गुरुकुल पब्लिक स्कूल ने इतिहास रच दिया।विद्यालय के कुल 66 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे और सभी 66 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इनमें से 25 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। विद्यालय की इस उपलब्धि की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सृजल जाधव पांचवीं कक्षा से गुरुकुल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी हैं। उनके पिता विनोद जाधव जिला परिषद स्कूल में शिक्षक हैं तथा माता गृहिणी हैं। उनका छोटा भाई भी गुरुकुल पब्लिक स्कूल में सातवीं कक्षा में अध्ययनरत है। पढ़ाई के साथ-साथ सृजल को पुस्तक पढ़ने और वक्तृत्व कला में विशेष रुचि है। उनका सपना भविष्य में प्रशासनिक अधिकारी बनकर देशसेवा करना है।वहीं जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली अक्षरा इंगळे के पिता विद्युत वितरण कंपनी में कार्यरत हैं तथा माता गृहिणी हैं।

अक्षरा को भी पढ़ने का विशेष शौक है और वह भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर देशसेवा करना चाहती हैं।इन सभी सफल विद्यार्थियों को गुरुकुल पब्लिक स्कूल के पदाधिकारियों, मुख्याध्यापक तथा सभी शिक्षकों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। विद्यार्थियों की इस सफलता पर अभिभावकों ने संस्था के पदाधिकारियों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

गुरुकुल पब्लिक स्कूल ने केवल परीक्षा परिणामों में ही नहीं, बल्कि विज्ञान प्रदर्शनी, शैक्षणिक प्रतियोगिताओं, खेलकूद तथा विभिन्न गतिविधियों में भी जिला और विभागीय स्तर पर लगातार उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। विशेष रूप से वर्ष 2017 से विद्यालय का लगातार शत-प्रतिशत परिणाम आने की गौरवशाली परंपरा इस वर्ष भी कायम रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!