Nagpur नागपुर, 25 सितम्बर
महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग के माध्यम से अनुशंसित समाज कल्याण एवं समकक्ष गट-अ संवर्ग के उम्मीदवारों को नियुक्ति आदेश प्रदान करने के लिए सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग, महाराष्ट्र शासन की ओर से 22 सितंबर 2026 को मंत्रालय, मुंबई में गौरव समारोह का आयोजन किया गया।
इस समारोह में बल्लारपुर नगर परिषद के उपमुख्याधिकारी रविंद्र भंडारवार को वाशिम में सहायक आयुक्त, समाज कल्याण पद पर नियुक्ति आदेश प्रदान किया गया।
मंत्रालय के परिषद सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग के मंत्री संजय शिरसाट प्रमुख रूप से उपस्थित थे। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग के माध्यम से विभिन्न गट-अ पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों को इस अवसर पर नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए।
रविंद्र भंडारवार ने बल्लारपुर नगर परिषद में उपमुख्याधिकारी के रूप में कार्यरत रहते हुए प्रशासनिक कामकाज, नागरिक सुविधाओं के साथ ही स्कूल सुधार योजना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में योगदान दिया। अब उनकी वाशिम में सहायक आयुक्त, समाज कल्याण के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति होने से बल्लारपुर नगर परिषद सहित शहर के नागरिकों की ओर से उनका अभिनंदन किया जा रहा है।
महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग के माध्यम से हुई इस नियुक्ति से भंडारवार के प्रशासनिक करियर को नई जिम्मेदारी मिली है। सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग के माध्यम से समाज के वंचित, कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने की जिम्मेदारी अब उनके पास रहेगी।
22 सितंबर को दोपहर 1 बजे मंत्रालय की विस्तारित इमारत की छठी मंजिल स्थित परिषद सभागार में यह गौरव समारोह आयोजित किया गया। नियुक्ति आदेश प्राप्त होने के बाद रविंद्र भंडारवार को उनके सहकर्मियों, मित्रों तथा बल्लारपुर शहर के नागरिकों की ओर से शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
