नागपुर, 10 अप्रैल
डिजिटलाइजेशन के बढ़ते प्रभाव के चलते नागपुर जिले में बिजली बिलों के ऑनलाइन भुगतान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 71.03 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन माध्यम से बिल चुकाया, जिससे कुल राजस्व का 77.23 प्रतिशत हिस्सा डिजिटल रूप में प्राप्त हुआ।
जिले में कुल 1.53 करोड़ से अधिक लेन-देन के जरिए 3640.86 करोड़ रुपये का राजस्व एकत्र हुआ, जिसमें से 2828.23 करोड़ रुपये ऑनलाइन माध्यम से आए। नागपुर शहर मंडल में ऑनलाइन भुगतान का प्रतिशत सबसे अधिक (74.57%) रहा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी 67.50 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने डिजिटल भुगतान अपनाया।
अब पारंपरिक काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारें कम हो रही हैं, क्योंकि केवल 28.98 प्रतिशत उपभोक्ता ही ऑफलाइन भुगतान कर रहे हैं। महावितरण ने ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा देने के लिए 0.25 प्रतिशत तक की छूट, समय पर भुगतान पर अतिरिक्त रियायत और ‘गो-ग्रीन’ विकल्प पर सालाना 120 रुपये की छूट जैसी सुविधाएं दी हैं।
ऑनलाइन भुगतान से समय की बचत, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित होती है। मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने शेष उपभोक्ताओं से भी डिजिटल विकल्प अपनाने की अपील की है।
