wardha वर्धा,29 मार्च
बैटरी चोरी के आरोप में पुलिस ने वर्धा के 3 नाबालिग आरोपियों सहित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है.
अल्लीपुर के फरियादी धर्मराज रामरावजी सुपारे ने पुलिस स्टेशन अल्लीपुर में उपस्थित होकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके सहित कुल चार ट्रैक्टरों की बैटरियां अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई हैं। इस शिकायत पर पुलिस स्टेशन अल्लीपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इस मामले की समानांतर जांच स्थानीय अपराध शाखा, वर्धा द्वारा की जा रही थी। तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम वर्धा क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि यह चोरी रोशन उर्फ गोलू वैद्य (निवासी कृष्णनगर, वर्धा) ने अपने साथियों के साथ मिलकर की है और चोरी की गई बैटरियां रेलवे स्टेशन रोड स्थित गोल भाजी मार्केट के पास “आई अंबे पान सेंटर” में रखी हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया और बड़ी सावधानी से आरोपी रोशन वैद्य, पोद्दार बगीचा निवासी हर्षल विलास पुरी सहित उनके तीन नाबालिग साथियों को हिरासत में लिया है. आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने वर्धा से मोपेड से जाकर चोरियां की है.
आरोपियों की निशानदेही पर “आई अंबे पान सेंटर” से चार अमरॉन कंपनी की बैटरियां बरामद की गईं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई 3 मोपेड पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त किए गए माल की कुल कीमत 2,34,000 रुपये बताई गई है।
आरोपियों को पुलिस स्टेशन अल्लीपुर के हवाले कर दिया गया है, जबकि विधि संघर्षरत बालकों को जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की आगे की जांच पुलिस स्टेशन अल्लीपुर द्वारा की जा रही है।
