- राज्य मार्ग 322 ए के निर्माण पर गंभीर सवाल
उच्च स्तरीय जांच की मांग
wardha वर्धा 15 मार्च
राकांपा शरद पवार गुट के सांसद अमर काले ने लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले को पत्र लिखा है । इस पत्र में उन्होंने दहेगांव–वायगांव–कोसुरला–कात्री राज्य मार्ग (क्र. 322-ए, 322, 267) की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं । साथ ही उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
सांसद अमर काले के अनुसार, इस सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। साथ ही, मीडिया में भी काम की निम्न गुणवत्ता को लेकर खबरें प्रकाशित हो रही हैं। वायगांव चौफुली से शुरू होकर दहेगांव, कोसुरला होते हुए कात्री तक जाने वाला यह मार्ग आगे राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ता है, जिससे इसका महत्व और बढ़ जाता है।
आरोप है कि निर्माण कार्य में तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। खुदाई से निकले अनुपयुक्त मटेरियल को ही दोबारा सड़क में भराई के लिए उपयोग किया जा रहा है। यहां तक कि नालियों की काली मिट्टी भी सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही है, जो नियमों के विपरीत है। नियमानुसार, अच्छी गुणवत्ता का मुरुम डालकर दबाई और गुणवत्ता परीक्षण के बाद ही आगे का कार्य होना चाहिए।
सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि गुणवत्ता जांच के लिए अधिकृत सरकारी प्रयोगशाला के बजाय ठेकेदार की ही लैब का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने दोषी ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई और उसे ब्लैकलिस्ट करने की भी मांग की है।
