Wardha वर्धा, 12 फरवरी
श्रीराम कठाने फाउंडेशन के सक्षम स्कूल ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कक्षा आठ के होनहार छात्र अभिनव रामप्रकाश शुक्ला को इसरो के शैक्षिक दौरे के लिए चयनित किया गया है। यह उपलब्धि उनकी वैज्ञानिक यात्रा में स्वर्णिम अध्याय जोड़ती है, जो आसमान छूने को बेताब नन्हे वैज्ञानिक की उड़ान का प्रतीक है।अभिनव ने जिला और राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनियों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। उनका अभूतपूर्व मॉडल ‘स्विच ऑफ टू स्विच ऑन ऑफ फ्यूचर’ ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास का शक्तिशाली संदेश देता है। विज्ञान विभाग के समर्पित मार्गदर्शन में तैयार इस प्रोजेक्ट ने विशेषज्ञों का दिल जीत लिया।संस्था अध्यक्ष दिलीप कठाने, सचिन रोहन कठाने, संचालिका प्रणिता कठाने और प्राचार्य मंगेशकुमार आवारी ने अभिनव को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने छात्र की जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सक्षम स्कूल का यह कारनामा स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा।
