कचरे से संपदा नागरिकों का मिल रहा प्रतिसाद

Wardha सेलु, 17 जनवरी
नगर पंचायत सेलू की ओर से शहर में उत्पन्न होने वाले गीले कचरे के उचित प्रबंधन की एक सराहनीय पहल की जा रही है। शहर के कचरे से तैयार की जा रही ‘हरित जैविक खाद’ की जानकारी देने हेतु आयोजित जागरूकता सत्र को किसानों और नागरिकों की ओर से उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला।

16 जनवरी को आयोजित इस कार्यक्रम में जैविक खेती का महत्व तथा नगर पंचायत द्वारा तैयार की जा रही खाद की गुणवत्ता के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित मुख्याधिकारी अनुप अग्रवाल ने कहा कि नगर पंचायत सेलू द्वारा शहर से एकत्रित होने वाले गीले कचरे से खाद तैयार कर उसका प्रयोग किया जा रहा है। इससे न केवल कचरा प्रबंधन का प्रश्न हल हो रहा है, बल्कि यह खाद अत्यंत उपयोगी भी सिद्ध हो रही है।


प्रयोगशाला में इसकी जांच की गई है ।और यह खाद गुणवत्ता में उत्तम पाई गई है। यह खाद पूरी तरह सुरक्षित है और खेती के लिए उपयुक्त भी है। ऐसा विश्वास उन्होंने व्यक्त किया।

किसान बागवानों के लिए आयोजित इस जानकारी सत्र में बताया गया कि आज रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता नष्ट हो रही है। ऐसे में जैविक खाद का प्रयोग करने से उत्पादन लागत कम होती है। तथा उपज में वृद्धि होने के साथ ही रासायनिक खादों से होने वाले नुकसान से भी बचाव होता है।

इस खाद का उपयोग करने से किसानों के उत्पादन खर्च में कमी आएगी तथा जमीन की गुणवत्ता में सुधार होगा। उपस्थित किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस खाद को उपयोगी बताया।
नगर पंचायत की ओर से उपस्थित नागरिकों और किसानों को इस खाद के छोटे नमूने नि:शुल्क वितरित किए गए।
इस अवसर पर नगराध्यक्ष कु.स्नेहल देवतारे, नगरसेवक शैलेंद्र दफ्तरी, राजेंद्र मिश्रा, संदीप सांगोलकर, दिनेश माहुरे और मुख्याधिकारी अनुप अग्रवाल सहित नगर पंचायत के सभी कर्मचारी, शहर के नागरिक तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!