wardha वर्धा, 8 जनवरी
क्राइम ब्रांच ने समुद्रपुर में छापा मारकर नकली शराब सहित प्रतिबंधित तंबाकू बरामद किया है। आरोपियों के पास से नकली शराब बोटलिंग की मशीन और पैकेजिंग मशीन मिली है। जिससे यह स्पष्ट हो गया कि वर्धा जिले में बड़े पैमाने पर नकली शराब का व्यवसाय चल रहा था। आरोपियों से 4 लाख 53 हजार 109 रुपये का माल जब्त है । यह कार्रवाई बुधवार, 7 जनवरी को क्राइम ब्रांच ने की। इस प्रकरण में आरोपी अनिकेत कांबले और उसके सहयोगी भूवेश जिल्हारे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल ने प्रतिबंधित शराब और गुटखा की बिक्री पर अंकुश लगाने के सख्त आदेश दिए हैं। इसके तहत अपराध शाखा की टीम जब समुद्रपुर में पेट्रोलिंग कर रही थी, तब सूचना मिली कि उब्दा में अनिकेत कांबले के यहां शराब छिपाई गई है। इस दौरान अनिकेत का साथी भूवेश भी वहीं मिला। इस बीच पुलिस द्वारा कांबले के घर के सामने रहने वाले राहुल डोफे के घर की तलाशी लेने पर वहां अवैध रूप से छिपाई गई गुटखा, तंबाकू और नकली शराब मिली। उसके घर से बोतल पैकेजिंग और सीलिंग की मशीन पुलिस ने जब्त की। इस दौरान आरोपियों से साढ़े चार लाख रुपये का माल जब्त किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल के आदेश पर अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक विनोद चौधरी, अन्न सुरक्षा अधिकारी एम. एम. मानवतकर, पुलिस उपनिरीक्षक बालाजी लालपालवाले, राहुल इटेकर, अरविंद येनुरकर, चंद्रकांत बुरंगे, रोशन निंबोलकर, भूषण निघोट, रवि पुरोहित, अमोल नगराले, अखिल इंगले, अभिषेक नाईक द्वारा की गई।
