Nagpur नागपुर, 23 दिसम्बर मध्य रेल, नागपुर मंडल ने संसाधनों के सुनियोजित उपयोग एवं राजस्व वृद्धि की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जनवरी 2025 से नवंबर 2025 की अवधि के दौरान मंडल द्वारा की गई स्क्रैप बिक्री से कुल ₹60.20 करोड़ का उल्लेखनीय राजस्व अर्जित किया गया है। इस अवधि में नागपुर मंडल ने विभिन्न विभागों से प्राप्त अनुपयोगी एवं अप्रचलित स्क्रैप सामग्री का वैज्ञानिक एवं पारदर्शी ढंग से निपटान किया। बिक्री किए गए स्क्रैप का विवरण इस प्रकार है— रेल्स स्क्रैप की बिक्री 6083.477 मीट्रिक टन, पी-वे (स्थायी मार्ग) स्क्रैप 2514.780 मीट्रिक टन, 8026 स्लीपर्स, फेरस स्क्रैप 1857.851 मीट्रिक टन तथा नॉन-फेरस स्क्रैप 671.160 मीट्रिक टन शामिल हैं। स्क्रैप निपटान की यह प्रक्रिया न केवल राजस्व सृजन में सहायक रही, बल्कि कार्यस्थलों को सुव्यवस्थित रखने, भंडारण स्थान की उपलब्धता बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण सिद्ध हुई है। ई-नीलामी प्रणाली के माध्यम से स्क्रैप की बिक्री सुनिश्चित की गई, जिससे पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा एवं अधिकतम मूल्य प्राप्त हो सका। नागपुर मंडल सतत विकास, संसाधनों के पुनः उपयोग तथा वित्तीय अनुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप इस प्रकार की गतिविधियों को निरंतर प्राथमिकता देता रहेगा। भविष्य में भी स्क्रैप प्रबंधन एवं निपटान के माध्यम से राजस्व बढ़ाने और कार्यकुशलता में सुधार हेतु ठोस प्रयास किए जाते रहेंगे। मध्य रेलवे, नागपुर मंडल का यह प्रदर्शन कुशल प्रशासन, समन्वित कार्यप्रणाली एवं प्रभावी संसाधन प्रबंधन का सशक्त उदाहरण है।
