- आज 23 दिसम्बर को शासन आदेशजारी
- पालक मंत्री डा. पंकज भोयर के प्रयास
- रामनगर पुलिस स्टेशन को मिली जमीन
wardha वर्धा, 23 दिसम्बर
आचार संहिता समाप्त होते ही पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर की पहल पर वर्धा शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े तीन महत्वपूर्ण और लंबे समय से लंबित मुद्दों का समाधान किया गया है। इनमें रामनगर लीज फ्रीहोल्ड का सरकारी आदेश, 11 ग्राम पंचायतों के लिए ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना हेतु भूमि उपलब्धता और रामनगर पुलिस थाने को स्थायी अधिकारिक जमीन मिलना शामिल है।
रामनगर में पिछले 50 वर्षों से सैकड़ों परिवार लीज की जमीन पर रहे थे। लीज नवीनीकरण और स्थायी स्वामित्व अधिकार की मांग वर्षों से थी, लेकिन कोई ठोंस निर्णय नहीं हो पा रहा था। विधायक रहते हुए डॉ. भोयर ने पहले लीज नवीनीकरण का प्रश्न सुलझाया और बाद में जमीन को फ्रीहोल्ड के लिए सरकार के समक्ष पाठपुरावा किया। आचार संहिता समाप्त होते ही नगर विकास मंत्रालय ने 23 दिसंबर 2025 को सर्वे क्रमांक 104, 110 और 114 के आवासीय भूखंडों को फ्रीहोल्ड करने संबंधी सरकारी निर्णय जारी किया। इससे रामनगर के सैकड़ों लीजधारकों को स्थायी मालकी हक मिलेगा।
पालक मंत्री भोयर की पहल से रामनगर में पुलिस थाना शुरू किया गया था, लेकिन पुलिस थाना न.प. की जमीन पर किराए पर था. अब नगर परिषद की शीट क्रमांक 64 की जमीन में से 1,635.93 वर्ग मीटर क्षेत्र रामनगर पुलिस थाने को आवंटित किया गया है। 23 दिसंबर को जारी आदेश से पुलिस थाना अब अपनी स्थायी जमीन पर संचालित होगा।
इसके अलावा, वर्धा से सटी 11 ग्राम पंचायतों में ठोंस कचरा प्रबंधन एक गंभीर समस्या बन चुकी थी। पालकमंत्री डॉ. भोयर की पहल पर इंजापुर स्थित सर्वे क्रमांक 13 की चार एकड़ जमीन को तीन वर्षों के लिए जिला परिषद को लीज पर देकर ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना को मंजूरी दी गई है।
इन महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे का आभार व्यक्त किया।
